संतोष कुमार मिश्र के निधन पर विद्यापति सेवा संस्थान ने जताया शोक

0

मधुबनी जिला के नाहर गांव निवासी पत्रकार, समाजसेवी, भगवतीपुर पंचायत के पूर्व पैक्स अध्यक्ष एवं मधुबनी जिला विज्ञान कांग्रेस के समन्वयक संतोष कुमार मिश्र चुन्नू के आकस्मिक निधन पर विद्यापति सेवा संस्थान ने बुधवार को शोक जताया। संस्थान की ओर से शोक संवेदना व्यक्त करते हुए महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने उनके निधन को अपूर्णीय क्षति बताते कहा कि उनके निधन से मिथिला मैथिली के विकास का प्रबल हितचिंतक हमसे असमय जुदा हो गया।
मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पं कमलाकांत झा ने कहा कि मधुबनी जिला विज्ञान कांग्रेस के समन्वयक के रूप में अपने योगदान के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। वरिष्ठ साहित्यकार मणिकांत झा ने कहा कि परोपकार एवं सहृदयता उनके स्वभाव में रची बसी थी और वे जीवन पर्यंत सामाजिक सरोकार के माध्यम से मिथिला एवं मैथिली के विकास में जुटे रहे। सचिव प्रो जीव कांत मिश्र ने कहा कि संतोष जी के निधन से शैक्षणिक एवं सामाजिक सेवा के रास्ते मिथिला मैथिली का हित साधने वाला शख्सियत हमसे हमेशा के लिए जुदा हो गया।
मीडिया संयोजक प्रवीण कुमार झा ने कहा कि मधुबनी जिला बाल विज्ञान कांग्रेस के समन्वयक के रूप में वे हमेशा मिथिला की सांस्कृतिक धरोहर के वैज्ञानिक पहलुओं को उजागर करते हुए बच्चों में इसके प्रति ललक जगाते हुए मिथिला की सांस्कृतिक विरासत को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से सत्यापित करने में लगे रहे। अपनी इस उपलब्धि के लिए वे हमेशा याद किए जाएंगे। उनके प्रति शोक जताने वाले अन्य लोगों में महात्मा गांधी शिक्षण संस्थान के चेयरमैन हीरा कुमार झा, विनोद कुमार झा, प्रो विजय कांत झा, प्रो चंद्रशेखर झा बूढ़ा भाई, दुर्गानंद झा, डॉ गणेश कांत झा, डॉ उदय कांत मिश्र, आशीष चौधरी, चंदन सिंह, मणि भूषण राजू, चौधरी फूल कुमार राय आदि शामिल थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here