दरभंगा। जिले में लगातार कोरोना के नए पॉजिटिव केस मिलने से लोगों में हड़कंप मचा हैं। तीन प्रखंडों के क्वारंटाइन के संदिग्ध मरीजों में नए पॉजिटिव केस मिले है। इसमें कुशेश्वरस्थान, हायाघाट और केवटी के मरीज शामिल हैं। इसमें जिले में सबसे अधिक पॉजिटिव मरीज के मामले कुशेश्वरस्थान में है, जहां मरीजों की संख्या 46 हो चुकी हैं। शनिवार को नए मरीजों के भर्ती के साथ आइसोलेशन वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या 45 तक पहुंच गई है। इस आइसोलेशन वार्ड से आठ पॉजिटिव मरीज ठीक होकर घर लौट गए। जिले में कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 210 तक पहुंच गई है। एक रिकार्ड के अनुसार अभी तक आइसोलेशन वार्ड से 143 मरीज ठीक होकर जा चुके हैं। इसके पूर्व 18 मई को कुशेश्वरस्थान में 23 नए मामले निकले थे, जो जिले में अभी तक एक दिन में सबसे अधिक पॉजिटिव की संख्या है। दूसरी ओर, लेबोरेटरी में दरभंगा समेत पांच जिलों के संदिग्ध मरीजों के करीब 14 सौ नमूने की जांच हो चुकी है। जिसमें 868 पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं। सिविल सर्जन डॉ. एके सिन्हा ने 11 नए मरीज के मिलने की पुष्टि की है। अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरआर प्रसाद ने बताया कि अन्य प्रखंडों से नए पॉजिटिव मरीजों को यहां भर्ती कराने का सिलसिला जारी है। डॉ. प्रसाद ने बताया कि यह सभी मरीज ए-सिमटोमेटिक पॉजिटिव है, जो क्यूरेबल है।
