पटना / मधुबनी– जमुई सांसद चिराग पासवान ने एनडीए में जाने से पहले बीजेपी को बड़ा झटका दिया है। बीजेपी के बड़े नेता विनोद नारायण झा के बेटे को अपनी पार्टी में शामिल कर लिया है। गुरुवार को चिराग पासवान ने डॉ विभय कुमार झा को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की आजीवन सदस्यता दिलाई। आजीवन सदस्यता का मतलब यह माना जाएगा कि डॉ विभय कुमार झा कभी भी पार्टी से अलग नहीं होंगे। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही चिराग पसावान ने कहा था कि वे एनडीए में शामिल होंगे। उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने के बाद इसकी घोषणा करेंगे। उससे पहले ही उन्होंने बीजेपी को झटका दे दिया। डॉ विभय कुमार झा के पिता विनोद नारायण झा मधुबनी जिले के बेनीपट्टी से विधायक हैं।
चुनाव लड़ना चाहते हैं विभय कुमार झा..!
बताया जा रहा है कि डॉ विभय कुमार झा बेनीपट्टी से विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं। खबर है कि उनके पिता विनोद नारायण झा के साथ बीजेपी का जो रवैया है, उससे देखते हुए संभावना कम है कि पार्टी अगले चुनाव में उन्हें उम्मीदवार बनाए। विभय भाजपा की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। वह अपने पिता विनोद नारायण झा को चुनावी प्रबंधन में भी मदद करते रहे हैं।
कौन हैं विनोद नारायण झा..?
विनोद नारायण झा बिहार बीजेपी के बड़े नेता हैं। पूर्व उप मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी के करीबी माने जाते हैं। विनोद नारायण झा 2010 और 2020 में बेनीपट्टी से चुनाव जीत चुके हैं। बीजेपी की ओर से बिहार विधान परिषद के सदस्य भी रह चुके हैं। इसके अलावा नीतीश सरकार में मंत्री भी रहे हैं।
