मधुबनी : जिला पदाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक की अध्यक्षता में राजस्व से संबंधित विभिन्न मामलों की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
इस बैठक में दुर्गानंद झा(अपर समाहत्र्ता, मधुबनी), सुनील कुमार सिंह(अनुमंडल पदाधिकारी, सदर मधुबनी), मुकेश रंजन(अनुमंडल पदाधिकारी, बेनीपट्टी), शंकर शरण ओमी (अनुमंडल पदाधिकारी, जयनगर), बुद्धप्रकाश (भूमि-सुधार उप-समाहत्र्ता, मधुबनी समेत सभी अंचल अधिकारी एवं अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने ऑनलाईन म्यूटेशन के प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में उन्होंने पाया कि सबसे अधिक ऑनलाईन म्यूटेशन के लंबित मामले विस्फी में कुल-3513, लौकही में कुल-3478, लदनियां में कुल-3244, जयनगर में कुल-3130 है।
सभी संबंधित अंचल अधिकारियों को ऑनलाईन म्यूटेशन के लंबित मामलों को एक सप्ताह में निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। साथ ही ऑनलाईन लगान भुगतान की भी समीक्षा की गयी, जिसमें 01 अप्रैल, 2019 से 12 सितंबर, 2019 तक सबसे कम लगान फुलपरास अंचल से मात्र 160 रूपये की वसूली की गयी।
वही ऑनलाईन लगान वसूली में मधेपुर से मात्र 4400, खुटौना से मात्र 1560, अंधराठाढ़ी से 5900, बासोपट्टी से 6670, बेनीपट्टी से 6890 लक्ष्य के अनुरूप काफी कम राशि वसूल की गयी।
जिला पदाधिकारी, मधुबनी के द्वारा सभी संबंधित अंचल अधिकारियों को ऑनलाईन लगान की वसूली में तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को जल-जीवन-हरियाली योजना हेतु जल संरक्षण के लिए लघु जल संसाधन विभाग से प्राप्त सूची के आधार पर तालाबों से अतिक्रमण को खाली कराने हेतु आवश्यक निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी, मधुबनी के द्वारा सभी अंचल अधिकारियों को प्रत्येक शनिवार को पूरी सक्रियता के साथ थाना दिवस आयोजित कराने एवं निष्पादित किये गये मामलों को वेवसाईट पर ससमय अपलोड कराने का निर्देश दिया गया। उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं डीसीएलआर को समीक्षा कर प्रतिवेदन भेजने का निर्देश दिया।
