दरभंगा में थम नही रहा अपराध, विधुत विपत्र कलेक्शन एजेंट को मारी गोली और लूटे 2.50 नकदी समेत लाखों की संपत्ति

0

दरभंगा, संवाददाता । दरभंगा में डकैतों ने विद्युत विपत्र कलेक्शन के घर पर धावा बोल डकैतों ने 2 लाख 50 हजार नकद समेत लाखों की संपत्ति लूट ली। विरोध करने पर विद्युत विपत्र कलेक्शन एजेंट व गृहस्वामी प्रभाष कुमार झा उर्फ शंकर झा को गोली मार दी। उन्हें दो गोली लगी है। साथ ही उनकी पत्नी अन्ना देवी (50 वर्ष) के सिर पर रॉड से प्रहार कर लहूलुहान कर दिया। घटना मनीगाछी थाने के कन्हौली गांव में मंगलवार की रात करीब 12 बजे की है जहां सशस्त्र डकैतों ने विद्युत विपत्र कलेक्शन एजेंट के घर पर लूट को अंजाम दिया।

लूटपाट की भनक पाकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने प्रतिरोध किया और डकैतों पर ईंट-पत्थर चलाए। इसके बाद डकैत फायरिंग एवं बम विस्फोट करते हुए भाग निकले। घटना की सूचना पाकर रात करीब एक बजे एसएसपी बाबू राम एवं बेनीपुर डीएसपी उमेश्वर चौधरी सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को इलाज के लिए पहले सकरी के एक निजी नर्सिंग होम में ले जाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए रात में ही उन्हें दरभंगा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना में पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ चल रही है।

बताते हैं कि विद्युत विपत्र की राशि का मंगलवार को विभिन्न गांवों से प्रभाष झा ने कलेक्शन किया था। लेकिन बैंकों की हड़ताल की वजह से उसको जमा नहीं करा सके थे। डकैतों को इसकी जानकारी थी। इसलिए उन्होंने आते ही रुपये वाले बैग की मांग शुरू कर दी। प्रभाष की दो पुत्री की शादी हो चुकी है। जबकि दो पुत्र दिल्ली में रहकर पढ़ाई करते हैं। घर में पति-पत्नी ही थे।

जानकारी के अनुसार, करीब एक दर्जन की संख्या में लाठी, रॉड, चाकू एवं हथियार से लैस डकैत प्रभाष झा के घर में घुसे। गृहस्वामी और उनकी पत्नी को कब्जे में लेकर रुपये वाले बैग की मांग की। बैग देने में देरी करने पर उनकी पिटाई शुरू कर दी। बैग मिलते ही प्रभाष उनसे उलझ गए तो डकैतों ने गोली मार दी। बचाव करने पर पत्नी के सिर पर रॉड से प्रहार कर दिया। इसके बाद घर से जेवरात एवं अन्य कीमती सामान को अपने कब्जे में ले लिया।

मौके पर जुटे ग्रामीणों ने डकैतों को पर पथराव शुरू कर दिया। जवाब में डकैतों ने दो बम का विस्फोट कर ग्रामीणों को दहशत में ला दिया। इसके बाद फायरिंग करते हुए भाग चले। डकैतों द्वारा चार से पांच राउंड फायरिंग की बात कही जा रही है। घटनास्थल पर खून के धब्बे एवं ईंट के टुकड़े बिखरे हुए हैं। मौके पर मनीगाछी थाने की पुलिस कैंप कर रही है। श्वान दस्ते को सूचना दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here