दरभंगा। जिले में चार दिनों से कोरोना के पॉजिटिव मरीजों की संख्या में लगातार गिरावट रहने से लोगों ने राहत की सांस ली थी। इस बीच शनिवार को चार नए मरीजों के मिलने के साथ जिले में कोरोना के पॉजिटिव मरीजों की संख्या 274 पर पहुंच गई। लोग सकते में आ गए हैं।
इन मरीजों में डीएमसीएच गायनिक वार्ड की एक पीजी डॉक्टर भी शामिल हैं। अबतक डीएमसीएच के आधा दर्जन पीजी डॉक्टर संक्रमित हो चुके हैं। संक्रमित हुई डॉक्टर को डीएमसीएच स्थित एक गेस्ट हाउस में रखा गया है। उनके कमरों को सैनिटाइज्ड कराया गया है। इनके संपर्क में आनेवाले सभी कर्मियों के स्वाब के नमूने लिए गए हैं। इसमें करीब दो दर्जन कर्मी से अधिक और उनके अन्य साथियों को शामिल किया गया है। नमूने जांच के लिए माइक्रोबायोलॉजी विभाग की लेबोरेटरी में भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट 24 घंटे में मिल जाएगी। इसके अलावा जाले में एक और सदर में दो मरीजों में पॉजिटिव पाए गए हैं। चारों मरीजों को डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। वर्तमान में यहां 68 मरीज भर्ती हैं। जिले में भर्ती होने वाले मरीजों की कुल संख्या 274 तक पहुंच गई है। इसमें आज 14 मरीज स्वस्थ्य होकर घर चले गए हैं। अबतक ऐसे मरीजों के स्वस्थ होनेवाले मरीजों की कुल संख्या 182 है।
इधर, लगातार पांच दिनों से पॉजिटिव के भर्ती होने की संख्या से अधिक स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। इसे अच्छा संकेत माना जा रहा है। जिले में तीन माह के भीतर पहली बार 24 जून को 22 और 25 जून को 14 कोरोना मरीज स्वास्थ्य हुए थे। इसके अलावा हरेक दिन औसतन छह से सात मरीजों को ठीक होने की सूचना है। जानकारी के अनुसार, इसके पहले जिले में तीन दिनों से औसतन तीन से पांच मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई जा रही है। इसके पूर्व लगातार पांच दिनों से डेढ़ दर्जन से अधिक मरीजों में पॉजिटिव रिपोर्ट पाया जा रहा था। अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरआर प्रसाद ने इसकी पुष्टि की है।
