नगर निकाय क्षेत्रों में टीकाकरण की गति हुई तेज।
25 से 31 जुलाई तक चलेगा विशेष टीकाकरण अभियान।
दरभंगा, 24 जुलाई 2021 :- जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. की अध्यक्षता में नगर निकाय क्षेत्र/शहरी क्षेत्र में तेजी से टीकाकरण करवाने को लेकर जिला के आलाधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गयी।
बैठक में 25 से 31 जुलाई 2021 तक नगर निकाय/शहरी क्षेत्र में शत्-प्रतिशत् टीकाकरण कराने के लिए विशेष अभियान चलाने को लेकर रणनीति बनाई गयी। इसके लिए संबंधित नगर निकाय के पदाधिकारियों के फीडबैक के आधार पर टीकाकरण केन्द्रों की संख्या बढ़ा दी गयी है।
25 जुलाई के लिए नगर निकाय/शहरी क्षेत्र में कुल एक सौ(100) टीकाकरण केन्द्र बनाये गये हैं, जो निम्न प्रकार हैं :- दरभंगा नगर निगम क्षेत्र में 40, बेनीपुर नगर परिषद् क्षेत्र में 15, बहेड़ी नगर पंचायत में 09, जाले नगर पंचायत में 07, हायाघाट नगर पंचायत में 06, बिरौल नगर पंचायत में 05, घनश्यामपुर नगर पंचायत में 05, कुशेश्वरस्थान पूर्वी नगर पंचायत में 05, सिंहवाड़ा नगर पंचायत में 05, भरवाड़ा नगर पंचायत में 05, कमतौल नगर पंचायत में 03 टीकाकरण केन्द्र बनाया गया है। इन केन्द्रों पर कोई भी व्यक्ति पहला एवं दूसरा डोज का टीका ऑन द स्पॉट ले सकता है। इनमें से सिंहवाड़ा के 04 टीकाकरण केन्द्र पर को-वैक्सीन एवं शेष 96 टीकाकरण केन्द्रों पर कोविशिल्ड का टीका उपलब्ध रहेगा।
इसके अतिरिक्त सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर टीकाकरण केन्द्र चलते रहेंगे। बैठक में उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया, नगर आयुक्त मनेश कुमार मीणा, सहायक समाहर्त्ता अभिषेक पलासिया, सिविल सर्जन डॉ. संजीव कुमार सिन्हा, उप निदेशक, जन सम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, अनुमण्डल पदाधिकारी सदर राकेश कुमार गुप्ता, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अमरेन्द्र कुमार मिश्रा सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
