दरभंगा: बाढ़ प्रभावित दरभंगा शहरी विधानसभा क्षेत्र में जहां नगर विधायक इनदिनों जूम एप से भाषण पहुँचा रहे हैं, वहीं आम आदमी पार्टी लोगों तक लगातार राशन पहुंचा रही है। जनता त्रस्त है और मेयर-विधायक केवल ढकोसलेबाजी में व्यस्त हैं।
उपरोक्त बातें आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता शंकर झा ने कहीं। वे रविवार को शहर के शुभंकरपुर मुहल्ले के बाढ़ पीड़ितों के बीच सूखा राहत वितरण कर रहे थे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी सरकारी राहत न मिलने का आरोप लगाते हुए नगर विधायक संजय सरावगी के खिलाफ़ जमकर आक्रोश का इजहार किया। लोगों का कहना था कि महीने भर से बाढ़ से त्रस्त रहने के वाबजूद स्थानीय विधायक उनका हाल जानने भी नही आये।
बताते चलें कि कोरोना एवं बाढ़ के बीच इनदिनों आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता शंकर झा पीड़ितों के बीच पहुँच कर लगातार राहत वितरण कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने रविवार को शहर के शुभंकरपुर मुहल्ले में लगभग 400 परिवारों के बीच सूखा राहत पैकेट का वितरण किया।
राहत वितरण के विषय मे जानकारी देते आप प्रवक्ता शंकर झा ने बताया कि लोग परेशान हैं और जनप्रतिनिधियों द्वारा केवल भाषण दिया जा रहा है। राशन जनता को कैसे मिले, इसकी चिंता नही है। सरकारी सहायता के नाम पर केवल ढकोसलेबाजी हो रही है। आज उनकी टीम द्वारा शुभंकरपुर में घूमकर लोगों से मिलकर राशन वितरण किया गया है। साथ ही शुभंकरपुर स्कूल में बाढ़ के कारण शरण लिए लोगो के बीच भी सूखा राहत का वितरण किया गया है।
श्री झा ने बताया कि आम जनता के बीच न राहत पहुँचा है, न पॉलीथिन और न ही खाते में 6000 रुपये जिसका ढिंढोरा सरकार द्वारा पीटा जा रहा है। केवल कागजो में कारवाई हो रही है। जमीन पर लोगों को कुछ नही मिल रहा है।
मौके पर मौजूद ब्राह्मण फेडरेशन के जिला महामंत्री राजीव झा ने आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता शंकर झा को धन्यवाद देते हुए कहा कि वे शहर के हर क्षेत्र में लगातार राहत वितरण कर रहे हैं। शहर का शुभंकरपुर मुहल्ले के लोग विधायक एवं मेयर द्वारा खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे थे। इन्हें कोई राहत नही मिली थी। शंकर झा द्वारा लगातार किये जा रहे कार्य को देखकर लोगों का विश्वास बढ़ा है। विधायक होते हुए भी संजय सरावगी जहाँ नही पहुँच रहे हैं, वहीं अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए शंकर झा हर जगह राहत लेकर पहुँच रहे हैं। अभी भी बहुत से लोगों को राहत की जरूरत है। सभी जरूरतमन्दों तक राहत पहुंचाने तक अभियान जारी रहेगा।
राहत वितरण के दौरान ब्राह्मण फेडरेशन के जिलाध्यक्ष डॉ0 प्रभाकर झा, सुजीत आचार्य, मुकुंद चौधरी, अरुण कुमार झा, विकास झा, मनोज झा, श्यामा प्रसाद तिवारी, राहुल पासवान आदि भी सक्रिय भूमिका में दिखे।
