ब्राह्मण फेडरेशन के आह्वान पर मृतक अचल के परिजनों को संगीता झा ने दी पांच हजार की सहायता राशि।
दरभंगा: ऑल बिहार ब्राह्मण फेडरेशन के आह्वान का असर दिखने लगा है। गत 13 जुलाई को जमीनी विवाद में हत्या कर दिए जाने के बाद हायाघाट के शुभेपट्टी गांव निवासी मृतक अचल चौधरी का परिवार बेसहारा हो गया था। निर्धन परिवार की मदद केलिए की गयी अपील के बाद जहां लोगों ने ऑनलाइन एवं पहुँच कर आर्थिक मदद देनी शुरू की, वहीं मंगलवार को दरभंगा शहर के लक्ष्मीसागर मुहल्ला निवासी गृहणी संगीता झा ने भी पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी है।
उपरोक्त जानकारी देते हुए ऑल बिहार ब्राह्मण फेडरेशन के दरभंगा जिलाध्यक्ष डॉ0 प्रभाकर झा ने बताया कि संगीता झा के पति हृदय कुमार झा पेशे से शिक्षक हैं और श्रीमती झा एक सामान्य गृहणी है। घटना की जानकारी मिलते ही उनका हृदय द्रवित हो उठा था। उन्होंने ब्राह्मण फेडरेशन के आह्वान को देख उनसे संपर्क किया और अपने आवास पर पांच हजार रुपये की राशि का चेक प्रदान किया। साथ ही श्रीमती झा ने लॉक डाउन के दौरान दुर्घटना में माता-पिता को खो चुके बेनीपुर के मकरमपुर निवासी अनाथ बालक केलिए भी पाँच हजार रुपये की सहायता राशि का चेक भी प्रदान किया है।
डॉ0 झा ने संगीता झा को इस सहयोग केलिए धन्यवाद देते हुए कहा कि वे इस चेक को खुद जा कर परिजनों के सुपुर्द करेंगें। साथ ही उन्होंने समाज के अन्य प्रबुद्ध लोगों से भी सहयोग में आगे आने का आह्वान भी किया।
