दरभंगा:: सोशल डिस्टेंसिग और मास्क लगाने के आदेश का नहीं हो रहा पालन

0

दरभंगा। शहरी क्षे्त्र में संक्रमितों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। इस स्थिति को जिला प्रशासन ने काफी गंभीरता से लिया है। यह बेहद जरूरी माना जा रहा है कि संक्रमण को रोकने के लिए शारीरिक दूरी का पालन कराया जाए। बाजार व सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ नहीं हो। इस स्थिति में तीन दिनों के लिए शहर को लॉकडाउन किया जा सकता है। सूत्रों की मानें तो इस महीने की 13, 14 व 15 तारीख को लॉकडाउन हो सकता है। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से रणनीति बनाई जा रही है। जल्द ही इसकी घोषणा की जा सकती है।

शारीरिक दूरी और मास्क लगाने के आदेश का नहीं हो रहा पालन

दरअसल, मास्क का उपयोग और शारीरिक दूरी का शत-प्रतिशत पालन नहीं होने के कारण कोरोना के नए मामले सामने आ रहे है। साथ ही कोरोना के मरनेवालों का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। यह सबसे अधिक चिता का विषय बन गया है। कोरोना से अब तक जिले के 11 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें तीन की मौत जिले में जबकि अन्य आठ लोगों की मौत इलाज के दौरान पटना में हुई है। संक्रमितों की तेजी से बढ़ रही संख्या और मौत के आंकड़ों ने जिला प्रशासन की नींद उड़ा दी है। राज्य सरकार के निर्देश के बाद कई जिलों में लग चुका है लॉकडाउन इधर, राज्य सरकार ने जिलाधिकारियों को जिले की स्थिति को देखते हुए लॉकडाउन लगाने की छूट दे दी है। इसके तहत कई जिलों में लॉकडाउन लगाया गया है। इसको देखते हुए सुरक्षात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।

एक दिन बीच कर खुल सकते हैं बाजार

कोरोना के बढ़ रहे संक्रमण पर काबू पाने के लिए शहर स्थित विभिन्न बाजारों को बारी-बारी से खोलने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए जल्द ही रोस्टर जारी किया जा सकता है। बताया जाता है कि नगर निगम को इस कार्य की जवाबदेही दी जा सकती है। निगम की ओर से रोस्टर बनाए जाने के बाद इसे शहरी क्षेत्र और आवश्यकता पड़ने पर ग्रामीण क्षेत्रों में भी लागू किया जा सकता है।

कादिराबाद स्थित पुराने बस स्टैंड में जा सकता सब्जी बाजार

कादिराबाद स्थित पुराने बस स्टैंड में सब्जी बाजार को अस्थाई तौर पर ले जाया जा सकता है। इसकी भी कवायद की जा रही है। बता दें कि कादिराबाद, शिवधारा और आजमनगर इलाके में सड़क किनारे ही सब्जियों की अस्थाई दुकानें लगाई जाती हैं। यहां ना तो शारीरिक दूरी का पालन किया जा रहा है ना ही मास्क् का प्रयोग हो रहा है। इसके कारण इन बाजारों में लगातार संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ रहा है। इधर, दोनार और सैदनगर स्थित मछली बाजारों में भी शारीरिक दूरी नियम का पालन नहीं हो रहा है। ना तो शहरी क्षेत्र के किसी बाजार में सैनिटाइजर का प्रयोग किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here