दरभंगा. भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी अमलेश झा पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गुरुवार की देर रात आरोपी पूर्व मुखिया रणवीर चौधरी को उसके घर की घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया है। हालांकि उसका भांजा बिकाऊ कुमार पुलिस की गिरफ्त से अभी तक दूर है। गिरफ्तार करने गई पुलिस को स्थानीय लोगों के आक्रोश का सामना भी करना पड़ा। परंतु थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर रणवीर चौधरी को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गए। बताया जाता है कि अमलेश झा को रणवीर चौधरी व उनके भांजा सहित दो अन्य साथियों ने मिलकर चाकू से वार कर घायल कर दिया था। उन्होंने पुलिस को बताया था कि आरोपियों द्वारा रंगदारी की मांग की गई जिसे नहीं देने के कारण उनके ऊपर हमला किया गया। इस मामले को एसएसपी बाबू राम ने गंभीरता से लिया। उन्होंने हमलावर को तुरंत गिरफ्तार करने का निर्देश बहादुरपुर थानाध्यक्ष को दिया। पूरे मामले को लेकर एसएसपी ने बताया कि दोनों पक्षों के लोगों के बीच कुछ रुपये के लेन-देन का हिसाब था। इसी को लेकर यह घटना घटी है। पुलिस निष्पक्ष रूप से इस घटना की जांच करी कर रही है।
