जननायक की जयंती पर विद्यापति सेवा संस्थान ने अर्पित किया श्रद्धा सुमन।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डा बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने मंगलवार की सुबह कर्पूरी चौक पर स्थित जननायक की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। उनके साथ दुर्गा नंद झा, प्रो चंद्रशेखर झा बूढ़ाभाई, गिरधारी झा आदि ने भी उनकी मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित की। मौके पर डा बैजू ने कहा कि सादगी के पर्याय कर्पूरी ठाकुर लोकराज की स्थापना के हिमायती थे। उन्होंने अपना सारा जीवन इसमें लगा दिया। आज उन्हें भले जातिविशेष की राजनीति के दायरे में सीमित कर दिया जाता है, लेकिन उनके दायरे में वह पूरा समाज आता था, जिसकी तीमारदारी को उन्होंने अपना मिशन बना लिया था। दुर्गानंद झा ने कहा कि राजनीति में ग़रीब गुरबों की आवाज़ को बुलंद रखने की कोशिशों में जुटे कर्पूरी की साहित्य, कला एवं संस्कृति में काफी दिलचस्पी थी। प्रो चन्द्रशेखर झा बूढ़ाभाई ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर की राजनीति की जड़ें जनता-जनार्दन के बीच काफी गहरी थीं।
