सिनुआरा को सुकन्या ग्राम बनाने में योगदान देने वालों को किया गया सम्मानित।

0

सिनुआरा को सुकन्या ग्राम बनाने में योगदान देने वालों को किया गया सम्मानित।

दरभंगा: हनुमान नगर के सिनुआरा गांव को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत लगातार जन सम्पर्क कर गांव को सुकन्या ग्राम की श्रेणी में लाने केलिए डाकपाल सहित सरपंच एवं स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता को सम्मानित किया गया। भाजपा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप ठाकुर ने बुधवार को यह सम्मान सिनुआरा डाकघर पहुँच कर प्रदान किया।


इस अवसर पर श्री ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अंतर्गत जन्म से लेकर दस वर्ष तक के सभी बच्ची का सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाने का अभियान लगातार चल रहा है, ताकि बेटियों का भविष्य सुरक्षित हो सके। इसी क्रम में सिनुआरा गाँव मे भी जागरूकता अभियान चलाया गया था। अभियान का परिणाम दिखा और सिनुआरा लक्ष्य को हासिल करके सुकन्या ग्राम की श्रेणी में आ गया। लोगो को जागरूक करने में सिनुआरा डाकघर की डाकपाल नीलमणि कर्ण, सरपंच नवीन कुमार सिंह, स्थानीय ग्रामीण सह सामाजिक कार्यकर्ता कन्हैया चौधरी की भूमिका अहम रही। इनके योगदान को देखते आज इन्हें सम्मानित किया गया है। सिनुआरा की तरह ही हर गांव को सुकन्या ग्राम बनाने तक अभियान निरंतर जारी रहेगा।
मौके पर सरपंच नवीन कुमार सिंह ने भी अपनी बेटी का विधिवत सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाया। सरपंच श्री सिंह ने कहा कि श्री ठाकुर के आह्वान पर उन्होंने लगातार लोगो को जागरूक किया। श्री ठाकुर के समक्ष ही अपनी बेटी का भी खाता खुलवाने का निर्णय लिया ताकि आमजनो में भी ज्यादा प्रभावी संदेश जाय।
वहीं डाकपाल नीलमणि कर्ण ने कहा कि वे डाकपाल होने के साथ साथ इस गांव की बेटी भी हैं। बेटियों को खाता खुलवाने के कारण यह सम्मान मिलने से काफी प्रसन्नता है। साथ ही इस अभियान में जो मदद किया है, इसकेलिए इनका धन्यवाद करते हैं।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता कन्हैया चौधरी ने कहा कि प्रदीप ठाकुर के जन जागरूकता अभियान और उनके गाँव की बेटी डाकपाल नीलमणि कर्ण के परिश्रम को उन्होंने यथासंभव सहयोग किया और आज इसी का परिणाम है कि हमारा गांव सुकन्या ग्राम की श्रेणी में आ गया। यह अभियान जारी रहेगा और सरपंच नवीन सिंह के साथ मिलकर गांव की हर बेटी का सुकन्या खाता खुलवाने का संकल्प लेते हैं।
सम्मान कार्यक्रम के दौरान परेश मिश्र, नरेंद्र कर्ण, दीपक चौधरी, प्रदीप चौधरी एवं अम्बिका शरण आदि भी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here