DMCH के ऑक्सीजन प्लांट को लेकर हुई बैठक, जिलाधिकारी ने दिए निर्देश- 15 अगस्त तक चालू करें ऑक्सीजन प्लांट।
दरभंगा जिला समाहरणालय अवस्थित डॉ. भीवराम अम्बेदकर सभागार में जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. की अध्यक्षता में 15 अगस्त तक दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल व अनुमंडलीय अस्पताल, बेनीपुर में ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना एवं आई.सी.यू. के सभी बेड तक ऑक्सीजन की आपूर्ति सुनिश्चित कराने को लेकर बैठक आयोजित की गयी। बैठक में दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के प्राचार्य ने बताया कि डी.एम.सी.एच. में 03 ऑक्सीजन प्लांट संस्थापित किये जा रहे हैं। 01 प्लांट क्रायोजेनिक का एवं 02 प्लांट बी.एम.सी.आई.एस.एल. द्वारा संस्थापित किया जा रहा है। क्रायोजेनिक प्लांट से डीएमसीएच के कोरोना वार्ड के सभी 125 बेड पर ऑक्सीजन की आपूर्ति की जानी है, इसके लिए सिविल वर्क व पाईप लाईन का कार्य किया जा रहा है। क्रायोजेनिक ऑक्सीजन प्लांट के पाईप लाईन एवं सिविल वर्क के लिए लिण्डे इण्डिया लिमिटेड कम्पनी को जिम्मेवारी दी गयी है। जिसके द्वारा बताया गया है कि पाईप लाईन लग जाने के उपरान्त पेट्रोलियम एण्ड एक्सप्लोसिव सेफ्टी ऑर्गनाईजेशन से अनुज्ञप्ति लेनी पड़ेगी।एजेन्सी के प्रतिनिधि सज्जन दत्ता ने बताया है कि 02 से 03 दिनों में सिविल वर्क का काम पूरा हो जाएगा। वर्तमान में फैन्सिंग का काम चल रहा है। जिलाधिकारी ने डी.एम.सी.एच. अधीक्षक को अनुज्ञप्ति के लिए शीघ्र ही अप्लाई कर देने का निर्देश दिया।
बी.एम.सी.आई.एस.एल. द्वारा संस्थापित की जा रही दो ऑक्सीजन प्लांट का सिविल वर्क बी.एम.सी.आई.एस.एल. एवं मलानी ग्रुप द्वारा किया जा रहा है। इससे आपातकालीन वार्ड, मेडिसन वार्ड एवं शिशु वार्ड के बेड में ऑक्सिजन पाईप लाईन लगाया जाएगा। डीएमसीएच के प्राचार्य ने बताया कि शिशु वार्ड के 48 बेड पर ऑक्सिजन पाईप लाईन लगा दिया गया है और 20 बेड पर लगाना बाकी है। बेनीपुर अनुमण्डलीय अस्पताल परिसर में डी.आर.डी.ओ. द्वारा संस्थापित किया जा रहा ऑक्सीजन प्लांट के संबंध में सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार ने बताया कि अभी वहाँ सिविल वर्क चल रहा है। पीलर एवं बेस बन कर तैयार हो गया है। सिविल वर्क पूर्ण हो जाने पर डीआरडीओ द्वारा प्लांट संस्थापित की जाएगी। जिलाधिकारी ने सिविल सर्जन को संबंधित विभाग एवं पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर शीघ्र ऑक्सीजन प्लांट कार्यरत कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कार्यरत सभी एजेन्सी को चेतावनी देते हुए कहा कि 15 अगस्त तक सभी ऑक्सीजन प्लांट चालू हो जाना चाहिए और बेड तक ऑक्सीजन की आपूर्ति होनी चाहिए। यदि इसमें कहीं कोई कमी पायी जाएगी, तो संबंधित एजेन्सी के विरूद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम के अन्तर्गत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधीक्षक डीएमसीएच व सिविल सर्जन दरभंगा को ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए कुशल तकनिशियन की व्यवस्था भी कर लेने का निर्देश दिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया, सिविल सर्जन, दरभंगा डॉ. अनिल कुमार, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अमरेन्द्र कुमार मिश्र, उप निदेशक, जन सम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, डी.एम.सी.एच. के प्राचार्य, अधीक्षक, डी.एम.सी.एच. एवं संबंधित एजेन्सी के प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
