दरभंगा : मिथिला के लिए गौरवशाली खबर है। मिथिला की हृदयस्थली दरभंगा के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस एम का नाम देश के 50 लोकप्रिय जिलाधिकारियों की लिस्ट में है। जी हां द फेम इंडिया डॉट कॉम के मुताबिक फेम इंडिया ने देश के 50 लोकप्रिय जिलाधिकारियों की लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में दरभंगा के जिलाधिकारी का नाम शामिल किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक फेम इंडिया मैगजीन ने एशिया पोस्ट सर्वे के साथ मिलकर विभिन्न स्रोतों, प्रबुद्ध लोगों की राय एवं ग्राउंड एवं मीडिया रिपोर्ट के आधार पर देश भर में 50 लोकप्रिय जिला अधिकारियों का चयन किया। ये जिलाधिकारी अपनी उत्कृष्टता के कारण अलग स्थान रखते हैं।जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम वास्तव में अपने कामों की वजह से जनता के दिलों में अलग ही जगह बना चुके हैं।
चयन की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम को सोशल मीडिया पर शुभकामनाएं देने वालों का तांता लग गया उधर राजनीतिक , सामाजिक सरोकार से जुड़े लोगों , पत्रकार व कई नामचीन हस्तियों ने डॉ त्याग राजन एसएम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह जिला के लिए गर्व की बात है। जिलाधिकारी की कार्यकुशलता तथा लोगों के प्रति प्रेम शांति व विकास को लेकर उनकी जितनी सराहना की जाए कम है।

( फ़ोटो : वर्ष 2017)
बता दें कि जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम पहले भी कई बार सम्मानित हो चुके हैं। वर्ष 2017 में एक्सलेंस इन पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन के मामले में भारत सरकार की योजना के क्रियान्वयन में बेहतर कार्य करने के लिए उन्हें दिल्ली में सिविल सेवा दिवस पर प्रधानमंत्री के हाथों सम्मानित किया गया था। 2011 बैच के आईएएस त्यागराजन तमिलनाडु से हैं लेकिन वह एक आम हिंदीभाषी की तरह फर्राटेदार हिंदी बोलते हैं। उन्होंने कोरोना से बचाव के लिए मैथिली भाषा मे बोलकर भी एक जागरूकता का संदेश जारी किया था।
