न्यूज़ डेस्क।
पटना।
महागठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही उतार-चढ़ाव का शुक्रवार की शाम को हल हो गया। राजधानी पटना के मौर्या होटल में प्रेस कॉन्फ्रेन्स में महागठबंधन के सभी दलों के बड़े नेता शामिल हुए। राजद के राज्यसभा सदस्य मनोज झा और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे ने सीटों के बंटवारे की घोषणा की। सूबे की सभी 40 लोकसभा सीटों पर महागठबंधन के सभी दलों के बीच सीट बंटवारे की घोषणा करते हुए रामचंद्र पूर्वे ने बताया कि राजद 20 सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी। राजद ने अपने कोटे से दो सीटें लोकतांत्रिक जनता दल और एक सीट सीपीआई एम-एल को देगी। कांग्रेस को नौ सीटें दी गयी हैं। एनडीए छोड़ कर महागठबंधन में शामिल हुए राष्ट्रीय लोक समता पार्टी को पांच सीटों प्रत्याशी उतारेगी। वहीं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को तीन सीटें दी गयी हैं। वहीं वीआईपी को तीन सीटें दी गयी हैं। बैठक में बिहार प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष मदन मोहन झा, रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, राजद के राजद के रामचंद्र पूर्वे, मनोज के झा, लोजद के अर्जुन राय आदि शामिल हुए।
पहले चरण में होने वाली चुनाव के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी गयी
पहले चरण के लिए होनेवाले मतदान को लेकर गया, नवादा, जमुई और औरंगाबाद के लिए प्रत्याशियों की भी घोषणा की गयी। गया संसदीय सीट से हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के अध्यक्ष जीतन राम मांझी, नवादा संसदीय सीट से राजद की विभा देवी, जमुई संसदीय सीट से रालोसपा के भूदेव चौधरी और औरंगाबाद से हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के उपेंद्र प्रसाद महागठबंधन के प्रत्याशी होंगे। विधानसभा उपचुनाव के प्रत्याशियों की भी हुई। घोषणा विधानसभा उपचुनाव को लेकर नवादा सीट से हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के धीरेंद्र कुमार सिंह और डिहरी से राजद के प्रत्याशी मो फिरोज हुसैन प्रत्याशी होंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेन्स में नहीं शामिल हुए तेजस्वी यादव
राजद नेता तेजस्वी यादव समेत कई अन्य नेता भी प्रेस कॉन्फ्रेन्स में शामिल नहीं हुए। पहले सूचना दी गयी थी कि तेजस्वी यादव प्रेस कॉन्फ्रेन्स करेंगे। लेकिन, अंत में राजद के राज्यसभा सांसद मनोज कुमार झा और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे ने प्रेस कॉन्फ्रेन्स की। प्रेस कॉन्फ्रेन्स में वीआईपी के मुखिया मुकेश सहनी भी शामिल नहीं हुए।
