न्यूज़ ऑफ मिथिला डेस्क : समस्तीपुर लोकसभा का उप चुनाव जीताकर जनता ने प्रिंस राज को दीपावली को तोहफा तो दे ही दिया अब पार्टी भी उन्हें बड़ा तोहफा देने जा रही है। पार्टी उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपेगी। उम्मीद है कि प्रभारी प्रदेश अध्यक्ष के रूप में काम कर रहे केन्द्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष चिराग पासवान शुक्रवार को इसकी घोषणा करेंगे।
लोजपा की कमान अब युवा हाथों में जाएगी। प्रिंस को प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपने के बाद चिराग की भी ताजपोशी होगी। जल्द पार्टी प्रमुख्य रामविलास पासवान अपनी जिम्मेवारी उन्हें सौपेंगे। उसके बाद अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष जैसे दोनों प्रमुख पदों पर पार्टी के युवा सांसदों को बिठाया जाएगा। युवा संगठन की कमान भी नवादा से जीते पार्टी के युवा सांसद चन्दन कुमार को दी जा सकती है।
दलित सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामचन्द्र पासवान के निधन के बाद से ही पार्टी ने यह तैयारी शुरू कर दी थी। लोकसभा चुनाव जीतने के बाद प्रदेश अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस को पार्टी प्रमुख राम विलास पासवान ने दलित सेना का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया। उसके बाद प्रदेश अध्यक्ष का प्रभार चिराग पासवान को सौंपा गया। लेकिन उसी वक्त यह बात तय हो गई थी कि प्रिंस अगर पिता की सीट से लोकसभा चुनाव जीत जाते हैं तो उन्हें प्रदेश अध्क्ष की कमान सौंप दी जाएगी।
