दरभंगा । विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डॉ. बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने बताया कि 47 वें मिथिला विभूति पर्व समारोह की विधिवत शुरुआत 10 नवंबर की प्रात: बेला में महाकवि विद्यापति की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर होगी। इसके बाद मिथिला के पारंपरिक परिधान में शोभा यात्रा निकाली जाएगी। शोभा यात्रा प्रभारी विनोद कुमार झा एवं विजय कांत झा इसकी तैयारी को अंतिम रूप देने में लगे हैं। इस दौरान कई विभूतियों की मूर्ति पर माल्यापर्ण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शोभा-यात्रा में पिछले साल की तरह इस बार भी मिथिलाक्षर साक्षरता अभियान के अभियानी शामिल होंगे। बताया कि मिथिला विभूति पर्व समारोह अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम का उदघाटन करने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी सहित नेपाल के पूर्व राष्ट्रपति परमानंद झा को आमंत्रित किया गया है। जबकि, इस कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए बिहार सरकार के जल संसाधन मंत्री संजय झा, विनोद नारायण झा, मदन सहनी, पूर्व केंद्रीय मंत्री पद्मश्री डॉ. सीपी ठाकुर, डॉ. मदन मोहन झा, लोकसभा सांसद गोपालजी ठाकुर, डॉ. अशोक कुमार यादव, रामप्रीत मंडल, प्रभात झा सहित विधायक संजय सरावगी, जीवेश मिश्रा, भोला यादव, अमरनाथ गामी को आमंत्रित किया गया है। वहीं, विधान पार्षद डॉ. दिलीप कुमार चौधरी, पूर्व विधान पार्षद डॉ. विनोद कुमार चौधरी, महापौर बैजयंती देवी खेड़िया ने कार्यक्रम में आने की अपनी सहमति प्रदान की है। डॉ. बैजू ने बताया कि तीनों दिन के कार्यक्रम में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय व कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति, प्रति कुलपति व कुलसचिव सहित जिला प्रशासन के आला अधिकारियों भी मौजूद रहेंगे। बताया कि समारोह के पहले दिन के कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के आधार पर मिथिला विभूति सम्मान हेतु चयनित व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें लोकसभा में मैथिली में शपथ ग्रहण करने वाले सांसदों में गोपालजी ठाकुर, अशोक कुमार यादव व रामप्रीत मंडल, मैथिली साहित्य के क्षेत्र में फूलचंद्र झा’प्रवीण’, संस्कृत में डॉ. बौआनंद झा एवं पंडित गदाधर पाठक, पंडित विनय कुमार झा, शिक्षाविद् डॉ. नंद किशोर साहु, मैथिली विषय के साथ यूपीएससी की परीक्षा मे सफलता का परचम लहराने वाले हायाघाट के बसहा मिर्•ापुर गामवासी शिवाशीष कुमार, मैथिली गीतकार नवल, गायन के क्षेत्र में नंद, रामबाबू झा व सुरेश पंकज, समाज सेवा के क्षेत्र में हृदय नारायण चौधरी आदि को सम्मानित किया जाएगा। मौके पर आयोजन समिति के स्वागताध्यक्ष विष्णुदेव ठाकुर, शोभा यात्रा प्रभारी विनोद कुमार झा, अर्पण के संपादक डॉ. महेंद्र नारायण राम, प्रो. चंद्रशेखर झा बूढ़ा भाई, सीएम झा, केवल ठाकुर, दिनेश झा, आशीष चौधरी, मिथिलेश मिश्र, डॉ. गणेश कांत झा, डॉ. उदय कांत मिश्र, शक्तिनाथ झा, प्रो. राम सुदिष्ट चौधरी आदि उपस्थित थे।
