दरभंगा । भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कहा है कि पूरा विपक्ष महामिलावट की सरकार बनाने का प्रयास कर रहा है। जनता उनके मंसूबे को पूरा नहीं होने देगी। महिलाओं को केंद्र में रखकर उनके उत्थान के लिए एनडीए सरकार की कई महत्वपूर्ण योजनाएं चल रही है। नौ करोड़ घरों में शौचालय बनाया गया। साथ ही उज्ज्वला योजना से 6 करोड़ महिलाएं लाभान्वित हुई। भाजपा महिलाओं का उत्थान करने वाली पार्टी है। वे मंगलवार को बेंता स्थित एक होटल में संवाददाताओं से मुखातिब थीं। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर पास्को कानून में बदलाव किया गया है। तीन तलाक को गैर कानूनी घोषित कर सरकार मुस्लिम महिलाओं को सम्मान दिलाने का कार्य कर रही है। भाजपा विश्व में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर आई है। इसमें महिलाओं की भी भागीदारी है। सबसे ज्यादा महिला सांसद, विधायक व पार्षद भाजपा में है। विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनके पास न मुद्दा है, न विकास का एजेंडा और न ही नेता है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता 2019 के चुनाव के लिए कमर कस चुके हैं। देश में एक बार फिर नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनेगी। कांग्रेस में प्रियंका वाड्रा के सक्रिय रूप से आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। हमने विकास की राजनीति की है। इस दौरान मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री कमलावती, प्रदेश अध्यक्ष अनामिका ¨सह, जिलाध्यक्ष धर्मशीला गुप्ता, प्रदेश मंत्री मीना झा आदि उपस्थित थीं।
