मधुबनी, संवाददाता । जिले में नदी से एक अधेड़ का शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचान बेलाही गांव निवासी पूर्व मुखिया के पति विश्वेश्वर यादव (53) के रूप में हुई है। वे पूर्व मुखिया गीता देवी के पति थे। शव लदनियां थाना क्षेत्र की त्रिशुला नदी में मिला। ग्रामीणों ने शव देखकर इसकी सूचना संबंधित थाने की पुलिस को दी। शव मिलने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच 104 को जाम कर जमकर नारेबाजी की. परिजनों ने बॉर्डर पर तैनात एसएसबी के जवानों पर ह्त्या का आरोप लगाकर जांच की मांग कर रहे हैं. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और इसे नदी से निकाला। साथ ही इस संदर्भ में आवश्यक जानकारी भी लोगों से ली।
इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजवाया। शव मिलने के बाद गांव में कई तरह की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इसकी जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि शव की पहचान पूर्व मुखिया के पति के रूप में की गई है। इधर, शव मिलने की जानकारी के बाद पूर्व मुखिया के घर में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।
इस घटना की जानकारी के बाद गांव के लोगों की भीड़ पूर्व मुखिया के घर पर जुट गई। ग्रामीण पीडि़त परिवार के सदस्यों को सांत्वना दे रहे थे। वहीं, नदी से शव मिलने की घटना को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। पुलिस तहकीकात में जुटी है। पुलिस के अनुसार, जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा एवं इसमें संलिप्त लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
