दरभंगा ने बेटी का मान रखा, धनबाद बहू का मान रखेगीः पूनम आजाद

0

न्यूज़ ऑफ मिथिला डेस्क । कांग्रेस प्रत्याशी कीर्ति आजाद की पत्नी पूनम आजाद ने कहा कि दरभंगा ने बेटी का मान रखा है और कीर्ति आजाद को दरभंगा का सांसद बनाया। अब धनबाद की बारी है कि वह झारखंड की बहू (पूनम आजाद) का मान रख कीर्ति आजाद को सांसद बनाए। उन्होंने कहा कि कीर्ति आजाद का ससुराल दरभंगा में है। चुनाव में मैंने घर-घर जाकर अपने पति के लिए वोट मांगा था। अब धनबाद की बारी है। यहां बहू के रूप में अचरा फैला कर खोइछा के रूप में वोट मांगूंगी। विश्वास है कि धनबाद की जनता बहू को निराश नहीं करेगी। पूनम झा धैया में बुधवार को पत्रकारों को संबोधित कर रही थीं।

उन्होंने कहा कि कीर्ति आजाद को बाहरी बताने वालों को यह पता नहीं है कि वे गोड्डा के कस्बा गांव के रहने वाले हैं। दरभंगा इनका ससुराल है। मैंने (पूनम आजाद) रांची वूमेंस कॉलेज से पढ़ाई की। धनबाद से पुराना नाता है। आगे उन्होंने कहा कि धनबाद मिनी इंडिया है। यहां हर क्षेत्र और भाषा-भाषी के लोग रहते हैं। मैंने शीला दीक्षित के खिलाफ दिल्ली में विधानसभा का चुनाव लड़ा था। उन्होंने दावा किया कि सांसद होने के नाते कीर्ति आजाद ने दरभंगा के लिए बहुत कुछ किया।

कीर्ति आजाद की छोटी बहू स्वास्तिका ने बांग्ला में कहा कि आमार आशा आछे- बाबा के वोट दिवेन, एक टा चांस दिबेन। स्वास्तिका ने बताया कि वे कोलकाता की रहने वाली हैं और पिता (ससुर) के चुनाव प्रचार के लिए धनबाद आई हैं।

संवाददाता सम्मेलन में कीर्ति आजाद के बेटे सौम्यवर्द्धन आजाद ने कहा कि कीर्ति आजाद का नाम और काम बोलता है। संसद के रूप में उन्हें एक प्लस की रेटिंग मिली है। धनबाद सांसद पीएन सिंह को सी ग्रेड। यह अंतर ही बताता है कि कौन कितने काम करते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here