दरभंगा । आज के समय में व्हाट्सएप हमारे दिनचर्या का अहम हिस्सा बन गया है. अब तक कुछ लोग व्हाट्सएप के जरिए फेक न्यूज फैलाने,समाज में संप्रदायिक तनाव बढ़ाने और फोन पर तलाक देने के लिए बदनाम था लेकिन एक ऐसा मामला सामने आया है जिससे व्हाट्सएप की खूब वाहवाही हो रही है. दरअसल व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल के जरिए एक जोड़े की शादी हुई है.
मामला है जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव में महफिल सजी थी। बारात भी पंडाल में पहुंच चुकी थी। बस लड़के वालों को वधु का इंतजार था। वधु के आते ही निकाह की रस्में पूरी की जानी थी। हालांकि दूल्हे पर नजर पड़ते ही वधु ने उसकी अधिक उम्र का हवाला देते हुए शादी से इंकार कर दिया। उसके इंकार करने पर बारातियों के बीच अफरातफरी मच गई। घर वालों के मनाने पर भी वह शादी के लिए तैयार नहीं हुई। इसके बाद बारात को दूल्हे के साथ वहां से लौटना पड़ा।
बारात लौटने के बाद घरवालों को इस बात का डर सताने लगा कि समाज में उनलोगों की काफी बदनामी होगी। इसी बीच लड़की के मामा ने आगे आकर मुम्बई में रहने वाले अपने लड़के से उसकी शादी कराने की पेशकश की। उनकी पेशकश को लड़की वालों ने कबूल लिया। लड़की भी शादी के लिए तैयार हो गई। पर समस्या थी कि लड़का मुम्बई में था व लड़की अपने घर, तो शादी की रस्म पूरी कैसे की जाएगी।
इसका भी उपाय निकाल लिया गया। इसके बाद व्हाट्सएप वीडियो कॉल के जरिए दोनों ने निकाह कबूल किया। इस अनोखी शादी की चर्चा शुक्रवार को पूरे इलाके में जोरशोर से होती रही। काफी संख्या में लोग इस अनोखी शादी का गवाह भी बने। इससे पूर्व निकाह के लिए नेपाल के एक गांव से बेशकीमती गाड़ियों में दूल्हा व बाराती गांव पहुंचे थे। शादी से लड़की के इंकार करने पर उनलोगों को भोजन कराकर वहां से विदा कर दिया गया था।
