दरभंगा, संवाददाता । जिले के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के कटहलबाड़ी मोहल्ले में संदिग्ध स्थिति में बुधवार की देर रात दंपती की मौत हो गई। हालांकि मृत विवाहिता के पिता ने दहेज को लेकर दंपती की जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप सास एवं देवर पर लगाया है। विवि थानाध्यक्ष पवन कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए शव को भेजा गया है। घटना के पीछे प्रथम दृष्टया में पारिवारिक विवाद प्रतीत हो रहा है। हर दृष्टिकोण से अनुसंधान किया जा रहा है। जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
जानकारी के अनुसार, नगर थाने के मिर्जापुर निवासी उमेश यादव की पुत्री पूजा कुमारी (21) की शादी 22 अप्रैल 2019 को कटहलवाड़ी निवासी स्व. नारायण प्रसाद यादव के पुत्र सौरभ यादव (27) के साथ हुई। सौरभ हसनचक स्थित एक मिठाई दुकान में काम करता था। शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर परिवार में विवाद होने लगा। मंगलवार की रात में भी विवाद हुआ था।
सास एवं देवर ने पूजा की चप्पल से पिटाई कर दी थी। बुधवार की सुबह मिर्जापुर से उमेश ने कटहलबाड़ी जाकर परिजनों को समझाया। आस-पास के लोगों ने भी सबको समझाने की बात कही। इसके बाद वह लौटकर घर आ गया। रात में करीब दस बजे उसकी बात बेटी से हुई तो उसने सब कुछ ठीक बताया। सुबह में उसे जानकारी मिली कि पारिवारिक विवाद में दोनों ने जहर खा लिया है।
डीएमसीएच पहुंचने पर उनके शव को देखा। कहा कि यह घटना पारिवारिक विवाद का नहीं बल्कि दहेज हत्या है। सास प्रमिला देवी एवं देवर गौरव यादव हमेशा डेढ़ लाख रुपये एवं बाइक की मांग कर रहे थे। इसको लेकर दोनों ने दंपती की जहर खिलाकर हत्या कर दी है। घटना के बाद से दोनों घर से फरार हैं।
