दरभंगा । नेहरू युवा केंद्र दरभंगा द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय,भारत सरकार के तत्वावधान में स्थानीय लहरियासराय स्थित राम नंदन मिश्र कन्या उच्च विद्यालय में “देशभक्ति एवं राष्ट्रवाद” विषय पर जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भाषण प्रतियोगिता में विभिन्न प्रखंडों से चयनित कुल 11 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला युवा समन्वयक श्री रविंद्र मोहन ने किया एवं मुख्य अतिथि के रूप में नगर विधायक संजय सरावगी उपस्थित हुए। प्रतियोगिता में जिला स्तरीय प्रथम पुरस्कार तारडीह प्रखंड के सुधा नंदन झा, द्वितीय पुरस्कार सदर प्रखंड की सदब आरा एवं तृतीय पुरस्कार केवटी प्रखंड की रूबी कुमारी ने प्राप्त किया। प्रथम पुरस्कार के रूप में ₹5000 द्वितीय पुरस्कार के रूप में ₹2500 एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में ₹1000 एवं प्रमाण पत्र माननीय विधायक के हाथों प्रदान किया गया। विभिन्न जिलों से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी कल राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पटना में भाग लेंगे जिस में प्रथम पुरस्कार ₹25000 प्रदान किया जाएगा। राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सम्मिलित होने का मौका मिलेगा जिसमें ₹100000 का नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के रूप में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ हीरालाल सहनी, सामाजिक कार्यकर्ता कुमार अनुराग एवं रामवृक्ष यादव तथा रामनंदन मिश्र कन्या उच्च विद्यालय के वरीय शिक्षक जय वीर सिंह यादव ने प्रतिभागियों का चयन किया। कार्यक्रम में सिंडिकेट सदस्य इस्मत जहां, कार्यक्रम समन्वयक नवनीत कुमार, लेखापाल आर.के मंडल ,डॉ जाकिर हुसैन शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान की व्याख्याता डॉ कुमारी संगीता तथा नागेंद्र झा महिला महाविद्यालय के व्याख्याता डॉ.धर्मशिला गुप्ता उपस्थित हुई। मौके पर उपस्थित नगर विधायक ने राष्ट्र के निर्माण में युवाओं को अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभाने का आह्वान किया। अध्यक्षीय संबोधन में युवा समन्वयक रविंद्र मोहन ने भारत सरकार के द्वारा युवाओं के विकास हेतु चलाई जाने वाली विभिन्न योजनाओं के संदर्भ में विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में रविकांत झा ,राजकुमार राजू ,वार्ड सदस्य संघ के जिलाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह एवं राजीव मनी, प्रदीप कुमार ,मोहम्मद नसीम, मोहन यादव, दीपक झा घुंगरू कुमारी, रिचा कुमारी, रंजू कुमारी सहित सैकड़ों युवा उपस्थित थे।
